सरायकेला :आदित्यपुर–कांड्रा मार्ग पर लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब इस मार्ग पर प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक भारी वाहनों (ट्रकों) के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध आदित्यपुर खरकाई पुल से कांड्रा तक लागू होगा।
शुक्रवार को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम एवं जिला परिवहन पदाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, आए दिन लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि शाम के समय आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के चौक-चौराहों, बाजारों एवं प्रमुख सड़कों पर आम लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में भारी वाहनों के परिचालन से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसी को देखते हुए जनहित और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
निर्धारित समय में प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के लिए तीन स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाएगी। इनमें ऑटो क्लस्टर टोल के समीप (आदित्यपुर थाना क्षेत्र), पिंड्राबेड़ा (गम्हरिया थाना क्षेत्र) और कांड्रा टोल (कांड्रा थाना क्षेत्र) शामिल हैं।
बैठक में संबंधित थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्धारित समय के दौरान नो-एंट्री व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने और नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में ASIA के अध्यक्ष एवं संगठन के प्रतिनिधियों, यातायात पुलिस निरीक्षक, गम्हरिया थाना प्रभारी, आरआईटी थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से शाम के व्यस्त समय में जाम की समस्या कम होगी और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।


