आदित्यपुर में चार दिवसीय काली पूजोत्सव की धूम, भजन संध्या से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन तक होंगे कई आकर्षक कार्यक्रम

SHARE:

सरायकेला: आदित्यपुर के एस.आई.एम. टाइप स्थित श्रीनाथ ग्लोबल विलेज, कल्पनापुरी में श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति (संदर्भ-सेवा संकल्प समिति) की ओर से इस वर्ष भी चार दिवसीय वार्षिक काली पूजोत्सव भव्य एवं भक्तिमय माहौल में आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2008 में स्थापित समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी।

 

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूजोत्सव का शुभारंभ रविवार की रात 10 बजे मां काली के विशेष पूजन एवं महाभोग अर्पण के साथ होगा।

 

9 नवंबर को भव्य भजन संध्या

पूजा के अवसर पर एस-टाइप पूजा ग्राउंड में 9 नवंबर को शाम 6 बजे से भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। टीम म्यूजिकोलॉजी के संयोजन में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका मानवी सिंह, गायक शेखर, गुलशन बावरा और संगीता दुबे अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। वहीं, प्रिया द्वारा लाइव सैक्सोफोन वादन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया जाएगा।

 

10 नवंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

महोत्सव के दूसरे प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन के तहत 10 नवंबर को शाम 6:30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इस दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। इसी अवसर पर समाज के वरिष्ठ अभिभावकों एवं समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा।

 

11 नवंबर को होगा प्रतिमा विसर्जन

चार दिवसीय काली पूजोत्सव का समापन 11 नवंबर को शाम 7 बजे मां काली की प्रतिमा के विसर्जन के साथ होगा। वैदिक रीति-रिवाजों एवं गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।

 

समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें