आदित्यपुर में फुटपाथ दुकानदारों को बड़ी सौगात, 3.78 करोड़ की लागत से बनेंगे दो आधुनिक वेंडिंग जोन, 100 से अधिक दुकानदारों को मिलेगा रोजगार का ठिकाना

SHARE:

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदारों के लिए दो आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड संख्या 13 और 20 में बनने वाली इन परियोजनाओं पर कुल 3 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गुरुवार को मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के तहत वार्ड संख्या 13 के आशियाना मोड़ के समीप 12 डिसमिल जमीन पर लगभग 78 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग मार्केट का निर्माण होगा। वहीं, वार्ड संख्या 20 में एक एकड़ जमीन पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा वेंडिंग मार्केट विकसित किया जाएगा। इस मार्केट में 100 से अधिक दुकानें बनाई जाएंगी। इसके अलावा दुकानदारों और ग्राहकों की सुविधा के लिए दो आधुनिक शौचालय तथा सुरक्षा के लिहाज से चारदीवारी का भी निर्माण कराया जाएगा।

 

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मेयर संजय सरदार ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले गरीब दुकानदारों को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार स्थल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वर्षों से फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपना कारोबार कर रहे स्थानीय दुकानदारों को दुकान आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी।

 

जमीन को लेकर उठ रही आशंकाओं पर मेयर ने स्पष्ट किया कि निर्माण के लिए अंचल अधिकारी की ओर से गैरमजरूआ जमीन उपलब्ध कराई गई है। इसलिए योजना के क्रियान्वयन में प्रशासनिक बाधा आने की संभावना नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में 500 अन्य दुकानों के निर्माण के लिए भी जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।

 

वहीं, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाने वाले छोटे दुकानदारों को अक्सर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वेंडिंग जोन बनने से उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान पर कारोबार करने का अवसर मिलेगा। इससे एक ओर छोटे व्यापारियों को स्थायी रोजगार का आधार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण और जाम की समस्या में भी कमी आएगी। आम लोगों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

 

इस अवसर पर वार्ड संख्या 13 के पार्षद शांतनु घोष, वार्ड संख्या 20 के पूर्व पार्षद सह पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें