आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति ने 1000 छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री, सेवा भाव की पेश की मिसाल
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदित्यपुर में सामाजिक सेवा और सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति एवं न्यू डिस्को क्लब के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर-15 मैदान में करीब 1000 छठ व्रती महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक सह झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। छठ महापर्व प्रकृति और सूर्य उपासना का अनुपम पर्व है, जो स्वच्छता, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ खड़े होते हैं। इस पर्व में अमीर-गरीब का अंतर समाप्त हो जाता है और सभी मिलकर पर्व की व्यवस्था एवं स्वच्छता में अपना योगदान देते हैं। यही सामाजिक एकता की वास्तविक ताकत है।

वहीं, समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि छठ महापर्व हमें जीवन के हर उतार-चढ़ाव में अपने चरित्र और आचरण को समान बनाए रखने की सीख देता है। जिस प्रकार सूर्य अपनी रोशनी सभी को समान रूप से प्रदान करते हैं, उसी तरह समाज में भी समानता, भाईचारे और सद्भाव की भावना होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि छठ व्रती महिलाओं के बीच कूपन के माध्यम से मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आटा वितरित किया जा रहा है। जिन व्रतियों को किसी कारणवश कूपन नहीं मिल पाया है, उन्हें भी शुक्रवार तक सुविधानुसार पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। समिति का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्रती खाली हाथ नहीं लौटे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी आदित्य सिंह, युवा उद्यमी अरविंद तिवारी, एसएन यादव, आयकर निरीक्षक संतोष कुमार चौबे, मनीष कुमार, प्रिय रंजन एवं आशीष रंजन उपस्थित रहे। इस दौरान जिला प्रशासन की समाज कल्याण शाखा की ओर से बाल विवाह रोकने तथा बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखने को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
मौके पर न्यू डिस्को क्लब के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता सहित अमित ठाकुर, अधिवक्ता संजय कुमार, देव प्रकाश, राजेश्वर पंडित, एसडी प्रसाद, रविंद्र तिवारी, राजेश यादव, सोनू पासवान, राकेश कुमार, ऋषि गुप्ता, अजय सारांश, ओम प्रकाश, राहुल राय, धीरज पांडे, संकेत चौधरी, चीकू चौबे, विकास ठाकुर, शक्ति कुमार, अमित राज, राजू कुमार, शुभम तिवारी, रंजन तिवारी, राहुल कुमार, कार्तिक चौबे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


