सरायकेला : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 18 और 19 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह एवं राधा अष्टमी महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भक्तिमय माहौल में हुआ। भारतीय कृष्ण भावामृत संघ के तत्वावधान में निकाली गई भव्य रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रथयात्रा के दौरान आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस्कॉन संस्था के प्रतिनिधियों के साथ विदेशी श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। रथयात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने श्रीकृष्ण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया। पूरे नगर क्षेत्र में जयकारों और भजनों से वातावरण कृष्णमय बना रहा।
समारोह के मुख्य संरक्षक सह पूर्व उपमहापौर अमित कुमार सिंह (बॉबी सिंह) ने कहा कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक धार्मिक आयोजन है। इसका उद्देश्य सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और प्रभु भक्ति की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों को आयोजन में आमंत्रित किए जाने की बात कही और श्रद्धालुओं से रथ खींचकर पुण्य के सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही पुलिस प्रशासन से आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राधा-कृष्ण का प्रसंग प्रेम, सद्भाव, सहजता और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कर्म पर विश्वास रखते हुए दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। कर्म प्रधान चरित्र ही जीवन का वास्तविक सार है।
आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक और धार्मिक एकजुटता को मजबूत करते हैं तथा सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि विदेशी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का संगम सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। सामूहिक रूप से ईश्वर की आराधना समाज को एक परिवार के रूप में जोड़ने का कार्य करती है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण और राधा के पावन उत्सव में अर्जुन की मौजूदगी से समारोह का उल्लास और बढ़ गया।










