चांडिल/डेस्क: चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में हुए चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गठित SIT की टीम ने मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
चांडिल SDPO शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, एक लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और वीवो कंपनी के दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीते 24 अगस्त को आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में जमशेदपुर निवासी 33 वर्षीय निखार सबलोक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक (कोल्हान) के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त SIT गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस पहले ही घटना में इस्तेमाल कार समेत 6 शूटरों/अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी कड़ी में SIT ने कार्रवाई करते हुए अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 9 गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे भी जारी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।











