गम्हरिया (सरायकेला)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर गम्हरिया स्थित किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल की ओर से शुक्रवार को सैकड़ों छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हाथों से व्रतियों को पूजन सामग्री वितरित की। बच्चों की इस पहल ने सेवा, सहयोग और संस्कार का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व स्कूल की संचालिका पायल अक्षय ने किया। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों की सेवा और सहयोग करने की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से बचपन में मिली है। इसी परंपरा को वह अपने पति पंकज अक्षय के साथ आगे बढ़ा रही हैं।
पायल अक्षय ने कहा कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों से भी जोड़ना जरूरी है। बचपन से ही सेवा, सहयोग और संस्कार की भावना विकसित होने से बच्चों के व्यक्तित्व का बेहतर निर्माण होता है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम में बच्चों के साथ स्कूल की शिक्षिकाओं को भी शामिल किया गया, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व को करीब से समझ सके।
इस अवसर पर पायल अक्षय ने सभी छठव्रतियों एवं क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से सभी व्रतियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया।


