संस्कारोदय अकादमी विवाद ने पकड़ा तूल, स्कूल प्रबंधन और दूसरे पक्ष ने लगाए एक-दूसरे पर गंभीर आरोप

SHARE:

गम्हरिया: जमालपुर धीरजगंज स्थित संस्कारोदय अकादमी के बाहर दिवाली की रात हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। स्कूल प्रबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कुछ युवकों पर मारपीट, महिला शिक्षिका के साथ छेड़खानी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी स्कूल प्रबंधन पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

 

संस्थान के अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भारत के अनुसार, दिवाली की रात विद्यालय के मुख्य गेट के पास कुछ युवक अशोभनीय गतिविधियां कर रहे थे। इसका विरोध करने पर रितेश कुमार, रितेश यादव और उनके साथियों ने स्कूल प्रबंधन के लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला शिक्षिका के साथ भी कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया गया।

 

स्कूल प्रबंधन का यह भी आरोप है कि घटना के बाद देर रात आरोपियों ने विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की और धमकियां दीं। प्रबंधन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एकतरफा कार्रवाई का आरोप भी लगाया है।

 

दूसरी ओर, सतबोहनी निवासी रितेश कुमार ने स्कूल प्रबंधन के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रबंधन के लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की। दोनों पक्षों ने मारपीट, छिनतई समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज की प्राथमिकी

मामले में पुलिस-प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी एक पक्ष के आरोपों के आधार पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल, संस्कारोदय अकादमी विवाद में दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें