हो भाषा में गीत गाकर विधायक दशरथ गागराई ने विद्यार्थियों को दिया शिक्षा का संदेश, झूम उठे छात्र-छात्राएं

SHARE:

खूंटपानी (पश्चिमी सिंहभूम): जनप्रतिनिधियों को अक्सर मंच से भाषण देते हुए देखा जाता है, लेकिन जब कोई विधायक अपनी मातृभाषा में गीत गाकर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करे, तो यह पल खास बन जाता है। ऐसा ही नजारा बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत भोया में देखने को मिला। यहां खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने हो भाषा में गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाया। विधायक के इस अनूठे अंदाज पर छात्र-छात्राएं भी झूम उठे।

 

दरअसल, भोया पंचायत स्थित यूपीजी हाई स्कूल में पांच कमरों वाले नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई ने शिलान्यास करने के साथ विद्यार्थियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मातृभाषा हो में गीत गाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उनका यह अंदाज समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।

विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन के निर्माण से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं और अनुकूल माहौल मिलेगा। शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसलिए क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना बेहद जरूरी है।

 

विधायक ने विश्वास जताया कि नया भवन विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

भाषण नहीं, गीत के जरिए शिक्षा का संदेश: विधायक दशरथ गागराई का अपनी मातृभाषा हो में गीत गाने का अंदाज विद्यार्थियों को खूब पसंद आया। कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने भी इस पल का आनंद लिया। स्थानीय भाषा और संगीत के माध्यम से शिक्षा का संदेश देने की यह पहल समारोह में चर्चा का विषय बनी रही।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें