झारखंड के लोहरदगा में कारोबारी शुभम साहू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और जिले में कुछ ही घंटों के भीतर ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश तथा पेट्रोल पंप पर लूट के प्रयास की घटनाओं के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
विपक्ष ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है। बयान में कहा गया कि राज्य में व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही सरकार से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाने और व्यापारियों व आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।

वहीं, दिवंगत व्यवसायी शुभम साहू के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।











