सरायकेला-खरसावां: झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जिले से कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान 15 लाख रुपये के इनामी मदन महतो उर्फ शंकर, उसकी पत्नी और 2 लाख रुपये की इनामी महिला कैडर मीना, तथा 5 लाख रुपये के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य रवि सरदार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इनके कब्जे से तीन AK-47 राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

असीम मंडल के दस्ते में थे सक्रिय
पुलिस के अनुसार, तीनों गिरफ्तार माओवादी एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश के दस्ते से जुड़े हुए थे और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी मदन महतो लंबे समय से दलमा और कोल्हान के जंगलों में हथियारबंद दस्तों के संचालन और सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलों की साजिश में शामिल बताया जा रहा है।
वहीं, रवि सरदार पर IED लगाने, नए कैडरों की भर्ती करने और माओवादी संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी संभालने का आरोप है। मदन महतो की पत्नी मीना संगठन में कूरियर, लॉजिस्टिक्स और संदेश पहुंचाने का काम करती थी।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी
झारखंड पुलिस मुख्यालय के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से विशेष घेराबंदी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तीनों माओवादियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तीनों से गहन पूछताछ कर रही हैं। पूछताछ में माओवादी संगठन के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई, IED प्लांटिंग और अन्य सक्रिय कैडरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को कोल्हान और दलमा क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।











