देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 5 की मौत, एक घायल।

SHARE:

देवप्रयाग/पौड़ी, उत्तराखंड: उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा देवप्रयाग क्षेत्र के सबदरखाल-कुंडधार के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी पीड़ितों को खाई से बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार बोलेरो में छह लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को सुरक्षित निकालकर श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायल के बेहतर इलाज और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें