छात्र आंदोलन पर सरकार का संदेश: संवाद और विश्वास से समाधान का भरोसा, विपक्ष पर माहौल बिगाड़ने का आरोप।

SHARE:

रांची। झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान विधानसभा घेराव और प्रशासन-पुलिस के साथ बने तनावपूर्ण हालात के बाद सरकार की ओर से छात्रों को भरोसा दिलाया गया है कि उनकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार का सम्मान करने की बात कहते हुए आंदोलन को संवाद के जरिए सुलझाने की अपील की है।

सरकार की ओर से जारी संदेश में आज के आंदोलन के दौरान स्थिति को संयम और जिम्मेदारी के साथ संभालने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों और जवानों का धन्यवाद किया गया। साथ ही आंदोलन कर रहे छात्रों को संबोधित करते हुए कहा गया कि लोकतंत्र में अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर आवाज उठाना उनका अधिकार है और उनकी आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी है।

सरकार ने छात्रों की मांगों पर कार्रवाई का दिया भरोसा

सरकार ने कहा कि छात्रों की बात सुनी गई है और वरिष्ठ मंत्री लगातार छात्र प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते रहे हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संदेश में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि व्यवस्था में अनियमितता या गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार व्यक्ति चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य परीक्षा और नियुक्ति व्यवस्था में मौजूद कमियों को दूर करना है, ताकि भविष्य में छात्रों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर

सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की बात कही है। इसके तहत परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार ने कहा कि इस बदलाव में छात्रों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और उनके सुझावों तथा अनुभवों को भी महत्व दिया जाएगा। संदेश में यह भी कहा गया कि झारखंड को केवल समस्याओं पर चर्चा करने वाला राज्य नहीं, बल्कि समाधान की नई मिसाल कायम करने वाला राज्य बनाना सरकार का प्रयास है।

विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने का आरोप

सरकार ने अपने संदेश में विपक्ष के कुछ नेताओं पर छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक लाभ लेने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। छात्रों से अपील की गई कि वे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं और अपने मुद्दे को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाएं।

छात्रों से संवाद के जरिए आंदोलन खत्म करने की अपील

सरकार ने छात्रों को झारखंड का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

सरकार ने अंत में छात्रों से संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस पूरे मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की। आंदोलन के दौरान बने तनाव के बाद सरकार का यह संदेश छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें