रांची। झारखंड में JPSC और JSSC CGL परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने परीक्षा में कथित घोटाले और नौकरी बेचे जाने के आरोपों की CBI जांच कराने की मांग की है।
रघुवर दास ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि JPSC-JSSC CGL परीक्षा में हुए कथित घोटाले और नौकरी बेचे जाने के मामले की CBI जांच होनी चाहिए। उन्होंने TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की भी मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पर न्यायालय को ढाल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को छात्रों के मामले में नए तथ्यों को हाईकोर्ट के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नए तथ्य सामने आने पर हाईकोर्ट सभी संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने की कार्रवाई कर सकता है।

रघुवर दास ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर राज्य में चार डीजीपी नियुक्त करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने की बात आती है तो मुख्यमंत्री को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश याद आते हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए। परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की इन मांगों के बाद JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर झारखंड की सियासत और गरमाने के आसार हैं।











