रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। रघुवर दास ने अपने फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार पूरे राज्य में विज्ञापन और पोस्टर लगाने में व्यस्त है, जबकि छात्र और आम जनता कुव्यवस्था से परेशान हैं।
रघुवर दास ने दावा किया कि सरकार विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि इसी राशि का इस्तेमाल गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाता, तो राज्य की स्थिति बेहतर होती।

पूर्व मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि कई जगह लोगों को मरीजों को खटिया पर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं और शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने छात्रों के जारी आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर करीब तीन सप्ताह से धरने पर बैठे हैं। रघुवर दास ने कहा कि यदि व्यवस्था दुरुस्त और शासन पारदर्शी होता तो छात्रों को आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ती।
रघुवर दास ने राज्य सरकार से शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार करने तथा छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है।











