रामगढ़। छोटकाकना वार्ड नंबर 7 में करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, वहीं सड़क पर बने पुल-पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। खेतों और आसपास का पानी सड़क पर बहने से रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है। गड्ढों में पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए दो-तीन बार आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। खराब सड़क के कारण रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र की विधायक ममता देवी से सड़क की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द निरीक्षण कराने तथा सड़क के सुदृढ़ीकरण और क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण की पहल करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से भी तत्काल स्थल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की अपील की है, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।











