सरायकेला : सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट-5 में रामकृष्णा फाउंडेशन की ओर से 10वें महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक एवं बी.बी.डी.ए. के सहयोग से आयोजित शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 630 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) श्री शक्ति सेनापति एवं प्लांट हेड श्री कृष्णा कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है।
शिविर में कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। संग्रहित रक्त का उपयोग आपातकालीन परिस्थितियों, दुर्घटना पीड़ितों, थैलेसीमिया, कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा।

रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड की ओर से बताया गया कि कंपनी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती है। कंपनी का प्रयास अपने कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।
कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा इंचार्ज श्री नवीण सिन्हा ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पूरे शिविर को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर को सफल बनाने में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें भूपेंद्र सिंह लोधी (CHRO), मानव संसाधन प्रमुख सत्यरंजन खटूआ, रणवीर सिंह तोमर, आदित्य प्रकाश, सत्य प्रकाश गुप्ता, सुष्मिता, गोपाल सिंघ्देव, बिजय सिंह, रजनी कुमारी, शिप्रा, अंकिता चौधरी, ललन सिंह, बिद्याधर महतो, ललन कुमार, सुमन रॉय, पंकज मिश्रा, राकेश सिंह, चिमनलाल, डॉक्टर दिलीप कुमार एवं विष्णु घोष सहित कंपनी के सभी कर्मचारियों की भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर कंपनी प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं, जमशेदपुर ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम, बी.बी.डी.ए. के प्रतिनिधियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने भविष्य में भी इसी तरह समाजहित और मानव सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी जारी रखने का संकल्प दोहराया।











