सरायकेला/आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा निस्तारण की समस्या के स्थायी समाधान की कोशिशों के बीच बुधवार को वार्ड संख्या 9 के मीरूडीह में प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंची, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के कारण काम शुरू नहीं हो सका।
मौके पर स्थानीय पार्षद दुर्गा चरण बेसरा, अंजू सिंह, नथुनी सिंह, सुधीर चौधरी और परितोष बेज सहित नगर निगम आयुक्त एजाज अनवर, कार्यपालक अभियंता पंकज झा तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

कचरा निस्तारण की व्यवस्था विकसित करने की तैयारी
नगर निगम की योजना के तहत प्रस्तावित स्थल पर वैज्ञानिक तरीके से गड्ढा खोदने, तिरपाल बिछाने, डंपिंग स्थल विकसित करने और बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू कराने की तैयारी थी। इस परियोजना का उद्देश्य आदित्यपुर शहर से निकलने वाले कचरे के निस्तारण की व्यवस्था को सुचारू बनाना है। हालांकि, ग्रामीणों की आपत्तियों के चलते निगम की टीम को फिलहाल काम रोकना पड़ा।

स्थायी समाधान के लिए काम शुरू होना जरूरी: अंकुर सिंह
डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि आदित्यपुर में कचरा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान निकालना बेहद जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित जमीन सरकार द्वारा क्यूब कंपनी को विधिवत आवंटित की गई है। उनके अनुसार, यदि काम शुरू नहीं हुआ तो कचरा निस्तारण की समस्या लंबे समय तक बनी रह सकती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी शहर में नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करना भी है। प्रस्तावित आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण का ध्यान रखने की बात भी उन्होंने कही।
https://youtu.be/H_VacCkAM0k?si=G7Bocgeh-P1AZHNt
वार्ड सभा या जनसुनवाई से निकलेगा समाधान
नगर निगम आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि ग्रामीणों की आपत्तियों और उनकी समस्याओं को समझने के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो दिनों में वार्ड सभा या जनसुनवाई आयोजित कर सभी पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, विरोध की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मेयर संजय सरदार ने भी ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर उठ रही आपत्तियों का समाधान संवाद और संबंधित सरकारी दस्तावेजों की जांच के जरिए निकालने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों की आपत्तियों पर टिकी निगाहें
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव और निस्तारण की समस्या लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। ऐसे में प्रस्तावित प्लांट को लेकर ग्रामीणों के विरोध ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। मौके पर नगर निगम के 35 वार्ड पार्षदों में से केवल पांच पार्षदों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।अब सबकी नजर आगामी वार्ड सभा या जनसुनवाई पर टिकी है। इसमें ग्रामीणों की आपत्तियों, जमीन से जुड़े दस्तावेजों और शहर की कचरा निस्तारण संबंधी जरूरतों पर चर्चा कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।


