गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में; जांच शुरू

SHARE:

सरायकेला-खरसावां: जिले के गम्हरिया थाना परिसर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पति की कथित मारपीट से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची एक महिला ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में आरोपित पुलिसकर्मी नीरज लकड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, वरीय पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

 

पीड़िता के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे वह पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी। रात अधिक होने के कारण वह घर लौटने के बजाय थाने में ही रुक गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान थाने में मौजूद पुलिसकर्मी ने उसके साथ जबरदस्ती की।

 

महिला ने घटना का विरोध करते हुए शोर मचाया और खुद को बचाने के लिए पास में रखा चाकू उठा लिया। इस दौरान आरोपित पुलिसकर्मी के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है। महिला ने कमरे और अपने कपड़ों पर खून के निशान होने का भी दावा किया है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली। आरोपित पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता और कार्यकर्ता भी गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

इस दौरान एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी और जेएलकेएम नेता तरुण महतो ने मामले को लेकर अपनी बातें रखीं।

 

थाने में न्याय की उम्मीद लेकर पहुंची महिला के साथ कथित घटना ने पुलिस व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। अब सबकी नजर जांच के निष्कर्ष और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें