गम्हरिया थाना यौन शोषण मामला: गीता कोड़ा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, स्पीडी ट्रायल की मांग

SHARE:

सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित यौन शोषण के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रविवार को पूर्व सांसद एवं भाजपा नेत्री गीता कोड़ा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।

 

गीता कोड़ा ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा कि जब महिलाएं थाने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने जिले के सभी थानों को महिला फ्रेंडली बनाने की भी मांग की।

 

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

 

थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

 

इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, कथित यौन शोषण के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर आरक्षी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। जांच में अन्य पुलिस पदाधिकारियों या कर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया है।

 

फिलहाल, इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। अब देखना होगा कि पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए आगे क्या कार्रवाई होती है।

 

NEWS MANTRA 24X7 | सरायकेला-खरसावां

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें