सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया बाजार में झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में झामुमो नेता केपी सोरेन समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। सभा को संबोधित करते हुए केपी सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन झारखंड की पहचान, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के सपनों को तभी साकार किया जा सकता है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की मूलभूत सुविधाएं पहुंचें।

उन्होंने लोगों से शिबू सोरेन के आदर्शों और विचारों को अपनाने तथा झारखंड के समग्र विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गम्हरिया बाजार में जल्द बनेगा मल्टीपर्पस मार्केट कॉम्प्लेक्स
कार्यक्रम के दौरान केपी सोरेन ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और स्थानीय सांसद की पहल पर गम्हरिया बाजार में जल्द ही मल्टीपर्पस मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलकांत झा, इंद्रकांत झा, गोविंद पाठक, देवव कुमार दास, अरुण कुमार दास, अपन चंद्रा, महावीर गोराई, सुफल गोराई, राधेश्याम महतो, पंकज अग्रवाल, दीपक झा, शंकर शर्मा, कृपा जी, रुपेश और लाल महतो समेत कई लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा गम्हरिया बाजार के दुकान संचालकों, व्यवसायियों और सब्जी विक्रेताओं ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके विचारों और संघर्षों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।











