सरायकेला :– सरायकेला जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर विभागीय टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा गांव में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब निर्माण के ठिकानों से करीब 25 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 500 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की गई। छापेमारी की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान शराब तैयार करने के लिए बड़े पैमाने पर जमा कर रखा गया जावा महुआ बरामद किया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही करीब 37 हजार लीटर जावा महुआ को नष्ट कर दिया। इससे अवैध शराब की बड़ी खेप तैयार करने की योजना पर रोक लगी। वहीं, कार्रवाई के दौरान करीब 500 लीटर तैयार महुआ शराब भी जब्त की गई। उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे एक मिनी ट्रक और एक स्कूटी को भी जब्त किया गया है। बड़े पैमाने पर जावा महुआ और तैयार शराब की बरामदगी से साफ है कि इन ठिकानों पर लंबे समय से अवैध शराब निर्माण का कारोबार संचालित किए जाने की आशंका है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का निर्माण, भंडारण, परिवहन और कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विभाग की कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है और जिले में सक्रिय अवैध शराब के नेटवर्क पर कितना अंकुश लग पाता है











