सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी पुलिस ने अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथियार लेकर घूम रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी स्कूटी से घूमते हुए किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़िसिल्ली चौक के पास एक युवक हथियार लेकर स्कूटी से घूम रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने महतो होटल के समीप संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम गुड्डू उर्फ रोकेश गोस्वामी (26 वर्ष) बताया। वह निर्मलनगर, बिलासस्ती, थाना सोनारी, जिला पूर्वी सिंहभूम का रहने वाला बताया गया है।

तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में एसडीपीओ चांडिल शिव कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस पदाधिकारी हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।











