ऑटो क्लस्टर सभागार में एसिया ने किया एसपी मनोज स्वर्गियारी का स्वागत, पुलिस और उद्यमियों के बीच सुरक्षा पर मंथन।

SHARE:

सरायकेला :– आदित्यपुर स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) द्वारा ऑटो क्लस्टर सभागार में सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी के सम्मान में स्वागत सह अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने अध्यक्षीय एवं स्वागत भाषण दिया। उन्होंने नए एसपी का स्वागत करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल बना रहना बेहद जरूरी है। इंदर अग्रवाल ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि एसपी मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी। यदि कोई परेशानी आती भी है, तो पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उसका समाधान निकाला जाएगा।”

इस अवसर पर उद्यमियों ने पुलिस अधीक्षक को औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। व्यवसायियों ने प्रमुखता से बस्तियों में पैर पसार रहे नशा के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की, जिसके कारण कारखानों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा, ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, सुबह के समय चोर गिरोहों की सक्रियता तथा लार्ज सेक्टर साई इंडस्ट्री में दिन-दहाड़े हुई चोरी का मुद्दा उठाकर कड़ी सुरक्षा की मांग की गई।

 

उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन और उद्योगपतियों को एक टीम की तरह मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा, “कारखानों में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।” उन्होंने सभी उद्यमियों को बेझिझक अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखने और सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

 

इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, गम्हरिया थाना प्रभारी संजय कुमार, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर और ट्रैफिक प्रभारी राजू समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

वहीं मंच पर एसिया के उपाध्यक्ष राजीव रंजन मुन्ना, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, पूर्व महासचिव दशरथ उपाध्याय, विनोद सिंह, चतुर्भुज केडिया, देवांग गांधी, संजय सिंह और रतन लाल अग्रवाल समेत कई प्रमुख उद्यमी व पदाधिकारी उपस्थित थे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें