जमशेदपुर: टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (TSDPL) ने कंपनी में 25 वर्षों तक निरंतर सेवा देने वाले 41 कर्मचारियों को लॉन्ग सर्विस अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा, समर्पण और कंपनी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहा गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय और कंपनी के जीएम जयदेव चाँद उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सम्मानित कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके 25 वर्षों के योगदान की सराहना की।
इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी सबसे बड़ी ताकत होती है। 25 वर्षों तक एक ही संस्थान में पूरी निष्ठा के साथ काम करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। सम्मानित कर्मचारी अपने अनुभव और कार्यशैली से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वहीं, कंपनी के जीएम जयदेव चाँद ने कहा कि कर्मचारियों का अनुभव, विश्वास और समर्पण कंपनी की अमूल्य पूंजी है। कंपनी की निरंतर प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।

तीनों प्लांट के 41 कर्मचारी सम्मानित
लॉन्ग सर्विस अवार्ड पाने वालों में सीआर प्लांट के 25, बारा प्लांट के 15 और डिमना प्लांट के एक कर्मचारी शामिल हैं। इस तरह कुल 41 कर्मचारियों को उनके 25 वर्षों के सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चीफ एचआर संजय मजूमदार, हेड एचआर माया तिवारी, प्लांट हेड डी. साहा, सचिन झा, गौरव और फैजल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन देवाशी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन माया तिवारी ने प्रस्तुत किया।
यूनियन की ओर से महामंत्री त्रिदेव सिंह के अलावा सच्चिदानंद, प्रमोद उपाध्याय, एस.बी. राणा, राजेश कुमार सिंह, शशिभूषण मिश्रा, रंजन मिश्रा, अमन सिंह, दिनेश कुमार, मनोज कुमार सिंह, उपेंद्र राय, अरुण त्रिपाठी, सी.बी. सिंह, कौशलेश कुमार, अनीश झा और सतीश मुखी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा। यह आयोजन न केवल कर्मचारियों के 25 वर्षों के सेवाकाल का सम्मान बना, बल्कि कंपनी और कर्मचारियों के बीच मजबूत विश्वास एवं आपसी संबंधों का प्रतीक भी रहा।


