आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में श्रीश्री एमआईजी काली पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष पांच दिवसीय काली पूजा महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा के आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। भोजपुरी की लोकप्रिय गायिका शिल्पी राज की भजन संध्या इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगी।
कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता आयोजित कर महोत्सव के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर शनिवार को शाम 6 बजे पूजा पंडाल का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे। इस अवसर पर विधायक सरयू राय, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह, मेयर संजय सरदार और कांग्रेस महासचिव अजय कुमार सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
8 नवंबर को होगी मां काली की पूजा और कंबल वितरण
महोत्सव के दूसरे दिन 8 नवंबर रविवार को शाम 6 बजे मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे। इसके बाद सामाजिक सेवा के तहत 10 हजार जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के 10 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
9 नवंबर को महाभोग और बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम
9 नवंबर सोमवार को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक विशाल निःशुल्क महाभोग वितरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शाम 6 बजे से नन्हे-मुन्ने बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन किरण झा, डॉ. रजनी सिन्हा और शारदा देवी संयुक्त रूप से करेंगी।
10 नवंबर को शिल्पी राज की भजन संध्या बनेगी आकर्षण
महोत्सव का सबसे खास आयोजन 10 नवंबर मंगलवार को शाम 7 बजे होगा। इस दिन भोजपुरी की लोकप्रिय लोकगायिका शिल्पी राज और स्थानीय कलाकार कृष्णामूर्ति अपनी टीम के साथ भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या का शुभारंभ राज्यसभा सांसद आदित्य साहु, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद पी.एन. सिंह, डॉ. रवीन्द्र राय, सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, चतरा सांसद कालीचरण सिंह और उपमहापौर अंकुर सिंह संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे।
11 नवंबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
पांच दिवसीय महोत्सव का समापन 11 नवंबर बुधवार को होगा। इस दिन दोपहर 3 बजे गाजे-बाजे के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, चेयरमैन समरेंद्र प्रताप सिंह, सचिव दीपक जायसवाल, संरक्षक कन्हैया दुबे, महासचिव सुमित कुमार, कोषाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष प्रभात सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


