रांची: झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बुधवार को रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए आयोग हर आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच से जुड़ी सभी जानकारियां निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विजया रहाटकर ने कहा कि निशा भगत के माता-पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। आयोग ने गुमला में उनके माता-पिता से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न के कारण किसी बेटी को अपनी जिंदगी समाप्त करने के लिए मजबूर होना पड़े, इससे दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता।

आयोग की अध्यक्ष ने झारखंड में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए गोड्डा, सरायकेला और रांची की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने रुबीका पहाड़िया, पुष्पा मुंडा और रूपा तिर्की के मामलों में भी अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने बताया कि झारखंड में पिछले छह-सात वर्षों से राज्य महिला आयोग कार्यरत नहीं है। राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष झारखंड से जुड़े 536 से अधिक मामले लंबित हैं, जबकि 15 से अधिक मामलों में आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। इन मामलों में भी अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिले हैं।
विजया रहाटकर ने बताया कि आयोग ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को बैठक के लिए पत्र लिखा था, लेकिन बैठक नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और दोषियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है।


