सरायकेला। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला यह दिवस आदिवासी समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रतीक है।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने की महत्वपूर्ण पहल है। बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो और नीलांबर-पीतांबर जैसे महान वीरों का देश की आजादी और संघर्ष के इतिहास में अतुलनीय योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है। केंद्र सरकार की योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं। पीएम जनमन योजना के तहत झारखंड में 36,630 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत राज्य के 7,139 गांवों को शामिल किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और आदिवासी विद्यार्थियों को दी जा रही छात्रवृत्ति को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की भाषाओं, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा उनकी मातृभाषा में उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रह सकें।
इस दौरान चम्पाई सोरेन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा शुरू करने की पहल की थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद इस पहल को रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल अतीत के बलिदानों को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लेने का भी अवसर है। देश के विकास और निर्णय प्रक्रिया में आदिवासी समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।


