सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, दोस्त विशाल ने सोनू को मारी थी गोली।

SHARE:

आदित्यपुर (सरायकेला)। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहिनी में 9 नवंबर की शाम हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के दोस्त विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि सोनू और विशाल कुछ महीने पहले तक अच्छे दोस्त थे और दोनों परिवारों के बीच भी जान-पहचान थी।

 

शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे सतबोहिनी के जमालपुर के पास सोनू कुमार (पिता मनोज कुमार साव) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल कुमार सिंह डिमना चौक पहुंचा और उसी रात बस से रांची फरार हो गया था।

 

रांची में कुछ समय बिताने के बाद जब विशाल वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने शुक्रवार, 13 नवंबर को सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद की। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, सोनू और विशाल के बीच सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद कथित तौर पर विशाल ने सोनू को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।

 

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

राज्य

शहर चुनें