आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धा और सेवा का भाव दिखाते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी चौक पर छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का निशुल्क वितरण किया गया। केंद्रीय समिति सदस्य कृष्णा वास्के के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 250 छठ व्रतियों को छठ पूजा में उपयोग होने वाले चूल्हे और लौकी प्रदान की गई।
इस अवसर पर कृष्णा वास्के ने कहा कि छठ व्रतियों की सेवा और उन्हें पर्व के दौरान थोड़ी राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। आदित्यपुर क्षेत्र में पहली बार उनकी ओर से इस तरह का आयोजन किया गया है। उन्होंने झारखंडवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य से सभी व्रतियों एवं उनके परिवारों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वहीं, झामुमो नेता अभय झा ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ घाटों पर भी सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से व्रतियों और श्रद्धालुओं को जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने कहा कि छठ लोक आस्था और पवित्रता का महापर्व है। इस अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य की बात है। झामुमो कार्यकर्ता छठ घाटों पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा वास्के, आदित्यपुर नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, युवा नेता अभय झा, अमित कुमार सिन्हा, विष्णु बावड़ी, चंद्रशेखर गुप्ता, दीपक मिश्रा, झारखंड आंदोलनकारी सनातन महतो, राजेश मंडल, किट्टू दास, देवांशु झा, सूर्य झा, रजत सिंह, संजीत कुमार, इंद्रजीत कुमार एवं आनंद माझी सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और युवा उपस्थित थे।


