सरायकेला: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के बीटेक चौथे वर्ष के मेटालर्जी विभाग के छात्र ताबीर की रविवार शाम असंगी चेक डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही संस्थान में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद NIT के बड़ी संख्या में छात्र असंगी चेक डैम पहुंचे। काफी देर तक छात्र की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। हादसे से आक्रोशित सैकड़ों छात्रों ने संस्थान के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने NIT प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि असंगी चेक डैम लंबे समय से एक खतरनाक स्थल बना हुआ है। इसके बावजूद वहां छात्रों की आवाजाही रोकने, सुरक्षा व्यवस्था करने अथवा खतरे से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
छात्रों के मुताबिक, पिछले करीब चार महीनों में असंगी चेक डैम में डूबने की घटनाओं में चार अन्य युवकों की भी जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही खोज एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए रखी। छात्रों के विरोध के कारण संस्थान के मुख्य गेट के पास तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फिलहाल देर रात तक NIT जमशेदपुर प्रबंधन अथवा संस्थान के प्रवक्ता की ओर से घटना और छात्रों के आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। छात्र मृतक के परिवार को उचित सहायता और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।











