दलमा इको रिट्रीट शुरू, पर्यटकों में दिखा उत्साह; के पी सोरेन ने बताया झारखंड के इको-टूरिज्म के लिए बड़ी पहल

SHARE:

जमशेदपुर/सरायकेला: दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य के माकुलाकोचा में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग द्वारा विकसित दालमा इको रिट्रीट का विधिवत उद्घाटन होते ही पर्यटकों का आगमन शुरू हो गया है। रविवार को उद्घाटन के बाद बड़ी संख्या में लोग प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विकसित इस नई पर्यटन परियोजना को देखने पहुंचे। इको रिट्रीट को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह और आकर्षण देखने को मिला।

इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं शिक्षाविद कालीपद सोरेन भी दालमा इको रिट्रीट पहुंचे। उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर यहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इसे झारखंड में इको-टूरिज्म को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

कालीपद सोरेन ने कहा कि दालमा इको रिट्रीट राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने इस परियोजना का श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और ईचागढ़ विधायक सबिता महतो को देते हुए कहा कि सरकार ने प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि दलमा अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन्यजीवों के लिए पहले से ही प्रसिद्ध है। अब इको रिट्रीट के शुरू होने से देश-विदेश के पर्यटकों को यहां आने का नया अवसर मिलेगा। इससे झारखंड के पर्यटन मानचित्र पर दलमा की पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

जल, जंगल और जमीन की संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक

दालमा इको रिट्रीट के माध्यम से पर्यटकों को झारखंड की प्राकृतिक विरासत, जल-जंगल-जमीन की संस्कृति और आदिवासी जीवनशैली को करीब से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। प्राकृतिक वातावरण के बीच विकसित यह परियोजना पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

दौरे के दौरान कालीपद सोरेन ने इको रिट्रीट में कार्यरत स्थानीय युवाओं से भी बातचीत की। उन्होंने युवाओं से उनकी जिम्मेदारियों और रोजगार से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह की पर्यटन परियोजनाएं स्थानीय युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने में मदद करेंगी। इससे पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।

कालीपद सोरेन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दालमा इको रिट्रीट झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी जगह बनाएगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

गौरतलब है कि रविवार को पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ दालमा इको रिट्रीट का विधिवत उद्घाटन किया था। उद्घाटन कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें