सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य के माकुलाकोचा में झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा नवनिर्मित दालमा इको रिट्रीट का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बाद किया।
इस अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ), वन विभाग के रेंजर, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने दालमा इको रिट्रीट का अवलोकन किया तथा इसे राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना दलमा की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन्य पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
दालमा इको रिट्रीट के शुरू होने से सरायकेला-खरसावां जिले को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इसे जिले के पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे राज्य के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करने में मदद मिलेगी।











