सरायकेला-खरसावां : जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को नवनिर्मित कैथ लैब का शुभारंभ हुआ। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फीता काटकर कैथ लैब का उद्घाटन किया। कैथ लैब के शुरू होने से अब अस्पताल में हृदय रोगों की आधुनिक जांच और उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे आदित्यपुर सरायकेला समेत आसपास के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्डियक चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चेयरमैन मदन मोहन सिंह के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि कम समय में संस्थान ने जिस तरह चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया है, वह सराहनीय है।
वहीं चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को रियायती दर पर उपलब्ध कराने का संस्थान का संकल्प लगातार धरातल पर उतर रहा है। कैथ लैब की शुरुआत हृदय रोगियों के इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि समूह का अगला लक्ष्य टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल को वर्ष 2027 में शुरू करना है।
800 से अधिक बेड वाले नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 24 घंटे इमरजेंसी सहित विभिन्न चिकित्सा विभाग संचालित हैं। मेडिकल कॉलेज में MBBS की 100 सीटें हैं। कार्यक्रम में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, एसपी मनोज स्वर्गियारी, प्राचार्य प्रो. डॉ. केदार नाथ सिंह समेत चिकित्सक, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।











